देहरादून में जिला योजना समिति चुनाव की नामांकन प्रक्रिया 12 अक्टूबर से, मतदान व मतगणना 16 अक्टूबर को* - देवांचल टाईम्स

ब्रेकिंग न्यूज़

Sunday, October 11, 2026

देहरादून में जिला योजना समिति चुनाव की नामांकन प्रक्रिया 12 अक्टूबर से, मतदान व मतगणना 16 अक्टूबर को*


*जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया चुनाव कार्यक्रम*

*देहरादून, 11 अक्टूबर 2026


जनपद देहरादून में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन 12 अक्टूबर को, नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को तथा नाम वापसी 14 अक्टूबर को होगी। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया 16 अक्टूबर 2026 को संपन्न कराई जाएगी।

जारी कार्यक्रम के अनुसार, 12 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक नामांकन किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। अभ्यर्थी 14 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 अक्टूबर को पूर्वाह्न 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद इसी दिन अपराह्न 3 बजे से मतगणना प्रारंभ होकर कार्य समाप्ति तक चलेगी। मतगणना के उपरांत निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियमानुसार निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला पंचायत मुख्यालय, संबंधित कार्यालयों तथा नगरीय निकायों के सूचना पट्टों पर सार्वजनिक सूचना प्रदर्शित करने को कहा गया है, ताकि निर्वाचन से संबंधित जानकारी आमजन तक पहुंच सके।

निर्वाचन प्रक्रिया उत्तराखंड जिला योजना समिति अधिनियम, 2007 तथा जिला योजना समिति नियमावली, 2010 के प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

No comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.